रायगढ़ में बस सर्विस ऑफिस पर हमला, साइड देने के विवाद में कर्मचारियों की पिटाई और तोड़फोड़, CCTV वीडियो वायरल
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सड़क पर साइड देने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। 5 से 7 युवकों ने बस सर्विस के कार्यालय में घुसकर कर्मचारियों के साथ मारपीट की और जमकर तोड़फोड़ की। पूरी घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला जूटमिल थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, बदल बस सर्विस के संचालक उपेंद्र सिंह रविवार शाम अपनी कार से ट्रांसपोर्ट नगर स्थित कार्यालय जा रहे थे। रास्ते में कुछ युवक सड़क पर खड़े थे। उपेंद्र ने उनसे साइड देने को कहा, जिस पर विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि उस समय युवक नशे में थे और बहस बढ़ने लगी। इसी दौरान बस सर्विस के कर्मचारी मौके पर पहुंचे, जिससे दोनों पक्षों के बीच कहासुनी तेज हो गई। स्थिति बिगड़ती देख उपेंद्र सिंह वहां से अपने कार्यालय पहुंच गए, लेकिन युवक उनके पीछे-पीछे वहां तक पहुंच गए। कार्यालय पहुंचते ही आरोपियों ने दरवाजे का कांच तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की। इसके बाद उन्होंने कर्मचारियों को बाहर खींचकर लात-घूसों से पीटा और ऑफिस में तोड़फोड़ की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पास के धनागर गांव के रहने वाले हो सकते हैं। मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।

