दुर्ग में प्रदर्शन के दौरान पुतला दहन में सिपाही झुलसा, कांग्रेस पर केस; रेप केस में उबाल
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में 5 साल की बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के प्रयास के मामले को लेकर रविवार को कांग्रेस ने उतई थाना क्षेत्र में जोरदार प्रदर्शन किया। मिनी माता चौक पर आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय बिगड़ गई, जब कार्यकर्ताओं ने गृहमंत्री का पुतला जलाने की कोशिश की। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच इस दौरान खींचतान हुई और पुतला दहन के दौरान एक पुलिसकर्मी आग की चपेट में आकर झुलस गया। घायल आरक्षक गिरधर मंडावी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि उनके हाथ लगभग 10 प्रतिशत तक झुलस गए हैं और फिलहाल उनकी हालत स्थिर है। जानकारी के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने तीन पुतले लाए थे, जिनमें से दो को पुलिस ने पहले ही जब्त कर लिया था। इसके बावजूद कार्यकर्ताओं ने एक अन्य पुतला अलग वाहन में छिपाकर रखा था, जिसे मौके मिलते ही पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। पुलिसकर्मियों ने तुरंत पानी और रेत डालकर आग पर काबू पाया। इस घटना के बाद पुलिस ने प्रदर्शन में शामिल लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों के अनुसार वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि आरोपी के खिलाफ पहले भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं होने के कारण यह घटना हुई। उन्होंने जिले में कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। बताया गया कि घटना के बाद बच्ची को बोरे में भरकर फेंक दिया गया था, लेकिन स्थानीय बच्चों की सतर्कता से उसकी जान बचाई जा सकी। इस मामले को लेकर इलाके में आक्रोश बना हुआ है। वहीं, समाज के लोगों ने भी आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा है और उसके घर पर बुलडोजर चलाने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

