Raigarh road accident

परीक्षा देकर लौट रहे 12वीं के छात्र की सड़क हादसे में मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने शव रखकर किया चक्काजाम

रायगढ़ जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12वीं के छात्र की जान चली गई। परीक्षा देकर बाइक से घर लौट रहे छात्र को एक अज्ञात ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर देर रात तक चक्काजाम किया। जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम लाखा निवासी नेम सिंह ठाकुर (18 वर्ष), पिता टीकाराम ठाकुर, गेरवानी हायर सेकेंडरी स्कूल में कक्षा 12वीं का छात्र था। उसका परीक्षा केंद्र तराईमाल स्कूल में बनाया गया था। शुक्रवार सुबह वह परीक्षा देने घर से निकला था। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोपहर करीब 12 बजे बाइक से वापस लौट रहा था। तराईमाल और लाखा के बीच मुख्य मार्ग पर इरशाद ढाबा के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रेलर ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में छात्र के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और वह सड़क पर अचेत होकर गिर पड़ा। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्र को मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। शाम को परिजन और ग्रामीण शव को लेकर गेरवानी स्थित घटनास्थल पहुंचे और सड़क पर शव रखकर चक्काजाम शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि परीक्षा अवधि में भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई जाए, आरोपी ट्रेलर चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाए और मृतक परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। देर रात तक सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। ग्राम लाखा और आसपास के कई गांवों के छात्र गेरवानी में पढ़ाई करते हैं और उनका परीक्षा केंद्र तराईमाल में है। इस हादसे के बाद अभिभावकों में भी भय और चिंता का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रेलर चालक की तलाश जारी है।

परीक्षा देकर लौट रहे 12वीं के छात्र की सड़क हादसे में मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने शव रखकर किया चक्काजाम Read Post »

Accident, Chhattisgarh, Raipur, Top News

रायगढ़ में दो सड़क हादसे: बाइक खंभे से टकराई और डंपर ने कुचला, दो लोगों की मौत

रायगढ़। जिले में सोमवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। एक हादसे में बाइक सवार बिजली के खंभे से टकरा गया, जबकि दूसरे मामले में डंपर की टक्कर से एक व्यक्ति की जान चली गई। दोनों ही मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पहला हादसा: बाइक खंभे से टकराई, युवक की मौके पर मौतपहला मामला तमनार थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, धौराभांठा निवासी राजकुमार यादव (32) सोमवार शाम बाइक से खुरूशलेंगा की ओर जा रहा था। रास्ते में पटेल फेब्रिकेशन के पास उसने एक वाहन को साइड देने की कोशिश की, तभी तेज रफ्तार में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और राजकुमार के सिर, जबड़े और हाथ-पैरों में गंभीर चोटें आईं। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। तमनार पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी है। दूसरा हादसा: डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौतदूसरी घटना जूटमिल थाना क्षेत्र के छातामुड़ा चौक के पास हुई। जानकारी के अनुसार, ग्राम तेलापाली निवासी वनमाली कांवड़िया (45) बाइक पर रायगढ़ आ रहा था। इसी दौरान चंद्रपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में वनमाली गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर जूटमिल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में डंपर चालक के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।

रायगढ़ में दो सड़क हादसे: बाइक खंभे से टकराई और डंपर ने कुचला, दो लोगों की मौत Read Post »

Accident, Chhattisgarh

रायगढ़ में हादसा: एनआर इस्पात से घर लौट रहे युवक की अज्ञात वाहन से टक्कर के बाद मौत

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक अपने काम से घर लौट रहा था, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। घटना पूंजीपथरा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, सोमवार रात ग्राम गेरवानी और सरायपाली के बीच स्थित माँ काली प्लांट के पास युवक खून से लथपथ पड़ा मिला। उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें थीं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। डायल 112 के जवान मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल ले गए। पुलिस ने मृतक की पहचान बिहार के वैशाली जिले के ग्राम बोरीगामा निवासी विरेन्दर कुमार के रूप में की। विरेन्दर बिहार से एनआर इस्पात में फिटर के पद पर काम करने आया था और देलारी में रह रहा था। काम से घर लौटते समय हुआ हादसा सोमवार की सुबह वह काम पर गया था और रात को घर लौटते समय अज्ञात वाहन की लापरवाही के कारण उसे टक्कर लगी। इसके परिणामस्वरूप उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। खराब सड़क हादसों की वजह स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले कई सालों से सड़क की हालत बहुत खराब है, जिससे लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। कुछ समय पहले सड़क सुधार की मांग को लेकर लोग चक्काजाम कर चुके हैं, लेकिन प्रशासन की आश्वासन देने के बाद आंदोलन खत्म कर दिया गया।

रायगढ़ में हादसा: एनआर इस्पात से घर लौट रहे युवक की अज्ञात वाहन से टक्कर के बाद मौत Read Post »

Chhattisgarh, Crime, Top News
Scroll to Top