रायपुर में एक दिन में दो चाकूबाजी की घटनाएं, दो युवक गंभीर घायल

रायपुर में एक ही दिन में दो अलग-अलग इलाकों में चाकूबाजी की घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पहली घटना विधानसभा थाना क्षेत्र के सड्डू इलाके की है। जानकारी के अनुसार गांधीनगर-शंकरनगर निवासी 26 वर्षीय छवि महानंद अपने दोस्तों के साथ एक परिचित के पास स्कूटी गिरवी रखने गया था। इसी दौरान पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में उसके सीने, पेट, हाथ और कलाई पर गंभीर चोटें आईं। उसे तुरंत मोवा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने इस मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दूसरी घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र में हुई। यहां मोबाइल शॉप संचालक गोविंद निचलानी अपनी परिचित युवती के साथ घर लौट रहा था। श्याम नगर स्थित दिव्या होटल के पास दो नशे में धुत युवकों ने युवती पर अभद्र टिप्पणी की। इसका विरोध करने पर पहले दोनों पक्षों के बीच झूमाझटकी हुई, जिसके बाद आरोपियों ने गोविंद पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में उसके सीने और जांघ पर चोट आई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

रायपुर में एक दिन में दो चाकूबाजी की घटनाएं, दो युवक गंभीर घायल Read Post »

Chhattisgarh, Crime, Raipur, Top News