भिलाई में हिट एंड रन: तेज रफ्तार अज्ञात सफेद कार की टक्कर से महिला की मौत, पुलिस सीसीटीवी खंगालने में जुटी

दुर्ग जिले के भिलाई शहर में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का एक दर्दनाक मामला सामने आया है। सुपेला थाना क्षेत्र में अज्ञात सफेद कार की टक्कर से बाइक सवार महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने हिट एंड रन का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना 22 जनवरी की सुबह करीब 8:15 बजे की है। नेहरू नगर अग्रसेन चौक स्थित कल्याण ज्वेलर्स के सामने एक तेज रफ्तार सफेद कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में भिलाई निवासी मोहना मेश्राम (52 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गईं। वे अपने भाई मुकेश कुमार गजभिये के साथ बाइक क्रमांक CG 07 AG 4135 से नेहरू नगर की ओर जा रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अज्ञात कार चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मारी और हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि मोहना मेश्राम के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल स्पर्श अस्पताल, सुपेला ले जाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक होने के कारण निगरानी में रखा गया। इलाज के दौरान 23 जनवरी की सुबह करीब 8 बजे मोहना मेश्राम ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद सुपेला थाना पुलिस ने मर्ग क्रमांक 09/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच शुरू की। मर्ग जांच के दौरान मृतिका के परिजनों और पंचों—मुकेश कुमार, विवेक कुमार मेश्राम, नितेश ताण्डी, अमित खोब्रागढ़े और जयंत खोब्रागढ़े—के बयान दर्ज किए गए। जांच में सभी ने पुष्टि की कि हादसा अज्ञात सफेद कार से हुआ था। मर्ग जांच पूर्ण होने के बाद पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ धारा 106 (1) बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर आरोपी चालक की तलाश में जुटी हुई है।

भिलाई में हिट एंड रन: तेज रफ्तार अज्ञात सफेद कार की टक्कर से महिला की मौत, पुलिस सीसीटीवी खंगालने में जुटी Read Post »

Bhilai / Durg, Chhattisgarh