रायगढ़ में हाथियों का नहाने का नजारा: 48 हाथियों का झुंड तालाब में मस्ती करता नजर आया

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से हाथियों के नहाने का एक मनमोहक वीडियो सामने आया है। जंगल से बाहर निकले 48 हाथियों का झुंड पोड़ी तालाब में पहुंचा और देर तक पानी में मस्ती करता रहा। इस झुंड में बड़े हाथियों के साथ उनके शावक भी शामिल थे। ग्रामीणों ने यह दृश्य अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया। जानकारी के अनुसार, यह हाथी झुंड रायगढ़ और धरमजयगढ़ वनमंडल क्षेत्र में सक्रिय हैं। शुक्रवार शाम को जंगल से निकलकर ये हाथी सीधे तालाब में उतर गए। वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ हाथी अपनी सूंड़ में पानी भरकर एक-दूसरे पर छिड़क रहे थे, तो कुछ आपस में धक्का-मुक्की और मस्ती कर रहे थे। जिले में वर्तमान समय में 130 हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई है। इसमें धरमजयगढ़ वनमंडल में 127 और रायगढ़ वनमंडल में 3 हाथी हैं, जिनमें नर 40, मादा 53 और शावक 37 हैं। सबसे बड़ा झुंड छाल रेंज के बंगरसुता बीट में देखा गया, जहां 48 हाथी मौजूद थे। छाल वन परिक्षेत्र अधिकारी राजेश चौहान ने बताया कि हाथियों की हर गतिविधि पर लगातार निगरानी की जा रही है। तालाब में नहाने के लिए आने वाले हाथियों के आसपास सभी गांवों में मुनादी कराई जा रही है, ताकि किसी भी तरह की घटना से बचा जा सके।

रायगढ़ में हाथियों का नहाने का नजारा: 48 हाथियों का झुंड तालाब में मस्ती करता नजर आया Read Post »

Chhattisgarh, Top News