स्कूल देर तक बंद रहने पर कार्रवाई, हेडमास्टर सस्पेंड; 5 शिक्षकों को नोटिस

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में होली के अगले दिन स्कूल देर तक बंद रहने के मामले में शिक्षा विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। सरगुजा संभाग के संयुक्त संचालक (जेडी) शिक्षा संजय गुप्ता ने सावारांवा मिडिल स्कूल के हेडमास्टर संजय कुमार गुप्ता को निलंबित कर दिया है। वहीं स्कूल के पांच अन्य शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जानकारी के अनुसार, भैयाथान ब्लॉक के सावारांवा स्थित मिडिल स्कूल में गुरुवार सुबह बच्चे पढ़ने के लिए पहुंचे थे, लेकिन दोपहर करीब 12 बजे तक स्कूल का ताला नहीं खुला था। इस दौरान छात्र-छात्राएं स्कूल के बाहर ही इंतजार करते रहे और कुछ बच्चे बाहर बैठकर पढ़ाई करते दिखाई दिए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया था। मामले की जानकारी मिलने के बाद सूरजपुर के जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) अजय मिश्रा ने जांच के लिए अधिकारियों की टीम को स्कूल भेजा। जांच टीम के पहुंचने पर भी स्कूल बंद मिला। बाद में शिक्षिका प्रीति टोप्पो करीब 12 बजे स्कूल पहुंचीं और उसके बाद स्कूल का संचालन शुरू हुआ। डीईओ की रिपोर्ट के आधार पर संयुक्त संचालक शिक्षा ने हेडमास्टर को निलंबित कर दिया है और उनका मुख्यालय ओड़गी बीईओ कार्यालय तय किया गया है। इसके साथ ही संकुल समन्वयक बैजनाथपुर रामजतन कुशवाहा और शिक्षक ईशा खलखो, प्रीति टोप्पो, अजीत कुमार चंद्रा तथा रमेश चेसकर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। सभी से तीन दिनों के भीतर जवाब मांगा गया है, अन्यथा आगे की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इसी बीच छात्रों ने एक शिक्षक रमेश चेसकर पर शराब पीकर स्कूल आने का भी आरोप लगाया है। बच्चों के बयान का वीडियो भी अधिकारियों को भेजा गया है। डीईओ अजय मिश्रा ने कहा है कि इस शिकायत की भी अलग से जांच कराई जा रही है।

स्कूल देर तक बंद रहने पर कार्रवाई, हेडमास्टर सस्पेंड; 5 शिक्षकों को नोटिस Read Post »

Chhattisgarh