रायपुर में छॉलीवुड निर्माता पर गंभीर आरोप: गर्लफ्रेंड से मारपीट का मामला, अस्पताल से छुट्टी के बाद भी शिकायत का इंतज़ार

रायपुर में छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री (छॉलीवुड) से जुड़े फिल्म निर्माता और निर्देशक मोहित साहू पर अपनी गर्लफ्रेंड के साथ बेरहमी से मारपीट करने का गंभीर आरोप सामने आया है। घटना के बाद घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के बाद शुक्रवार 23 जनवरी को उसे डिस्चार्ज कर दिया गया। हालांकि, अब तक पीड़िता ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है, जिस वजह से पुलिस आगे की कार्रवाई के लिए उसके बयान का इंतजार कर रही है। जानकारी के अनुसार, आरोपी मोहित साहू युवती को उज्जैन ले गया था, जहां दोनों के बीच शादी होने का दावा किया जा रहा है। आरोप है कि बाद में मोहित साहू ने पहले से दूसरी शादी होने की बात कहकर इस रिश्ते से इनकार कर दिया। जब युवती ने इसका विरोध किया, तो उसने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। यह पूरा मामला रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र अंतर्गत भाटागांव स्थित सिल्वर ओक अपार्टमेंट के ब्लॉक-410 का बताया जा रहा है। 22 जनवरी को हुई इस घटना के बाद युवती लहूलुहान हालत में पुरानी बस्ती थाने पहुंची थी और शिकायत दर्ज कराने की बात कही थी। पुलिस जांच के दौरान फ्लैट के अंदर टूटी हुई कुंडी और खून के निशान मिले हैं, जिससे हिंसक झड़प की पुष्टि होती है। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवती के सिर से खून बहता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि उस पर किसी ठोस वस्तु से हमला किया गया था। इस वीडियो के सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। बताया जा रहा है कि घटना के समय कॉलोनी के सुरक्षा गार्ड और कुछ स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए थे। आरोप है कि स्थिति को संभालने के लिए मोहित साहू ने सुरक्षाकर्मियों से माफी भी मांगी। पुलिस ने युवती को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा था। पुरानी बस्ती थाना प्रभारी शीलआदित्य सिंह ने बताया कि युवती के लिखित आवेदन मिलने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

रायपुर में छॉलीवुड निर्माता पर गंभीर आरोप: गर्लफ्रेंड से मारपीट का मामला, अस्पताल से छुट्टी के बाद भी शिकायत का इंतज़ार Read Post »

Chhattisgarh, Raipur