कोरबा में रिटायर्ड ASI के सूने मकान से 10 लाख की चोरी, अंतिम संस्कार में गया था परिवार

कोरबा जिले में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। रिटायर्ड एएसआई के घर चोरों ने ताला तोड़कर करीब 10 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। यह घटना उस समय हुई, जब पूरा परिवार एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए घर से बाहर गया हुआ था। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, रिटायर्ड एएसआई गलेटबिन कुमार अपने परिवार के साथ सीएसईबी कॉलोनी में रहते हैं। परिवार में शोक होने के चलते सभी लोग पिथौरा गांव गए थे। घर की देखरेख के लिए उन्होंने चाबी पड़ोसी और एक रिश्तेदार को दी थी। देर रात जब रिश्तेदार घर पहुंचा तो उसने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है और मकान अंदर से बंद है। शक होने पर तुरंत गलेटबिन कुमार को सूचना दी गई। परिवार के लौटने पर जांच में पता चला कि चोरों ने अलमारी तोड़कर उसमें रखे करीब 10 लाख रुपये के जेवरात चोरी कर लिए हैं। बताया जा रहा है कि ये जेवरात बेटे और बेटी की शादी के लिए सुरक्षित रखे गए थे। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक, अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। फोरेंसिक एक्सपर्ट्स ने घर के भीतर और आसपास से सबूत जुटाए, वहीं डॉग स्क्वायड ने कॉलोनी और आसपास के इलाकों में तलाश की। साथ ही, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

कोरबा में रिटायर्ड ASI के सूने मकान से 10 लाख की चोरी, अंतिम संस्कार में गया था परिवार Read Post »

Chhattisgarh