त्योहारों में सफर हुआ मुश्किल: यूपी, बिहार और बंगाल जाने वाली ट्रेनें 10 से 30 नवंबर तक फुल बुक
त्योहारी सीजन की शुरुआत होते ही उत्तर भारत जाने वाली ट्रेनें पैक हो गई हैं। दीपावली और छठ पूजा के मद्देनजर उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्यप्रदेश, हावड़ा और मुंबई के लिए ट्रेनें लंबे समय तक वेटिंग लिस्ट में हैं। 10 से 30 नवंबर के बीच इन रूट की सभी ट्रेनें पूरी तरह बुक हैं। इस समय घर लौटने वाले यात्रियों को कंफर्म सीट नहीं मिल पा रही है। जैसे-जैसे त्योहार नजदीक आ रहे हैं, वेटिंग लिस्ट में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। अब यात्रियों का एकमात्र विकल्प तत्काल टिकट ही बचा है। रेलवे ने इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए आधा दर्जन से अधिक पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं, जिससे यात्रियों को कुछ राहत मिली है। रेल अधिकारियों के अनुसार, त्योहारों के दौरान वेटिंग लिस्ट सामान्य से अधिक बढ़ जाती है। रायपुर रेलवे स्टेशन से त्योहारी सीजन में रोजाना लगभग 70 हजार यात्री यात्रा करते हैं, जबकि त्योहार और छुट्टियों के समय यह संख्या लगभग एक लाख तक पहुंच जाती है। इसका कारण छत्तीसगढ़ और रायपुर में उत्तर भारत से जुड़े लोगों की बड़ी संख्या है। सीधी ट्रेनें और बस विकल्प:त्योहारों के दौरान यूपी, बिहार और बंगाल के लिए लगभग सभी ट्रेनें एडवांस में बुक रहती हैं। इस स्थिति में बस यात्रियों के लिए बेहतर विकल्प बन जाती हैं। बस ऑपरेटरों का कहना है कि यूपी के लिए दो प्रमुख रूटों पर वैध बस सेवा चल रही है और त्योहारों में इन रूटों पर यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। तत्काल टिकट ही बचा विकल्प:रेलवे हावड़ा और उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों के लिए अतिरिक्त कोच लगाकर राहत देने की कोशिश कर रहा है, लेकिन भीड़ के हिसाब से यह पर्याप्त नहीं है। इस समय यात्रियों के पास केवल तत्काल टिकट का ही विकल्प बचा है। हालांकि तत्काल टिकट कोटे में सीट सीमित होती हैं और यह कुछ ही सेकेंड में बुक हो जाती हैं, जिससे यह भी मिलना आसान नहीं होता।

