नवा रायपुर अटल नगर बन रहा भारत का अगला स्मार्ट सिटी मॉडल, IT से मेडिसिटी तक बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम
छत्तीसगढ़ की आधुनिक राजधानी Nava Raipur Atal Nagar तेजी से देश के प्रमुख स्मार्ट शहरों में अपनी पहचान बना रही है। योजनाबद्ध विकास, आधुनिक सुविधाओं और बड़े निवेश प्रोजेक्ट्स के चलते यह शहर शिक्षा, स्वास्थ्य, आईटी, पर्यटन और हरित विकास का नया केंद्र बनता जा रहा है। शहर में आधुनिक जल आपूर्ति व्यवस्था के तहत 52 एमएलडी क्षमता वाली पाइपलाइन और अत्याधुनिक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट विकसित किया गया है, जिससे वर्तमान और भविष्य की जरूरतों को पूरा किया जा सके। साथ ही वर्षा जल संरक्षण और भूजल रिचार्ज के लिए बायोस्वेल्स, रिचार्ज पिट्स और प्राकृतिक ड्रेनेज सिस्टम तैयार किए गए हैं। परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए रायपुर-राजिम रेल सेवा को सीबीडी स्टेशन तक बढ़ाया गया है। महिलाओं की सुरक्षा और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए पिंक ई-रिक्शा सेवा शुरू की गई है, जबकि ई-बस संचालन के लिए चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर भी तैयार हो चुका है। शिक्षा क्षेत्र में लगभग 200 एकड़ में एडूसिटी विकसित की जा रही है। यहां National Institute of Fashion Technology, National Institute of Electronics and Information Technology और National Forensic Sciences University जैसे राष्ट्रीय संस्थानों को भूमि आवंटित की गई है। स्वास्थ्य सेवाओं को विश्वस्तरीय बनाने के लिए करीब 500 एकड़ में मेडिसिटी तैयार की जा रही है, जहां सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज और डायग्नोस्टिक सेंटर विकसित होंगे। इसी परियोजना के तहत Bombay Hospital को 300 बेड वाले अस्पताल के लिए जमीन दी गई है। महिला सशक्तिकरण के तहत 1,000 क्षमता वाला वर्किंग वुमन हॉस्टल बनाया जा रहा है। वहीं प्रवासी श्रमिकों के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस आवास परियोजना भी तैयार की जा रही है। Nava Raipur Atal Nagar अब IT, AI और सेमीकंडक्टर सेक्टर का बड़ा हब बनने की दिशा में भी आगे बढ़ रहा है। यहां राज्य का पहला SEZ आधारित AI डेटा सेंटर पार्क स्थापित किया जा रहा है, जिसमें लगभग 4,000 करोड़ रुपए के निवेश की संभावना है। साथ ही GaN तकनीक आधारित देश का पहला सेमीकंडक्टर प्लांट भी यहां प्रस्तावित है। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए “पीपल फॉर पीपल” अभियान के तहत 1 लाख से ज्यादा पौधे लगाए गए हैं। शहर में हरित कॉरिडोर, रिचार्ज सिस्टम और पर्यावरण-अनुकूल परियोजनाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आने वाले समय में नवा रायपुर में 40 नई ई-बसें, IT हब, वेलनेस सेंटर, स्पोर्ट्स सिटी और कन्वेंशन सेंटर जैसी कई बड़ी परियोजनाएं शुरू की जाएंगी। इसके साथ ही यह शहर निवेश, रोजगार और आधुनिक जीवनशैली का बड़ा केंद्र बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

