बिलासपुर में कबाड़ दुकान से मिला 18 किलो चांदी का पार्सल, 2400 ग्राम गायब, कबाड़ी फरार

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां वीआईपी कुरियर के जरिए भेजा गया सराफा कारोबारी का 18 किलो चांदी का पार्सल कबाड़ दुकान से बरामद हुआ, लेकिन उसमें से 2400 ग्राम चांदी गायब पाई गई। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, सदर बाजार स्थित प्रतिमा ज्वेलर्स के मालिक ने राजकोट से लगभग 28 किलो चांदी की ज्वेलरी मंगाई थी, जिसे दो अलग-अलग पैकेट में लॉजिस्टिक के जरिए रायपुर भेजा गया था। इसके बाद रायपुर से वीआईपी कुरियर कंपनी के माध्यम से दोनों पार्सल बिलासपुर पहुंचाए गए। 9 अप्रैल की सुबह कुरियर ब्वॉय पार्सल लेकर निकला था, लेकिन रास्ते में एक पार्सल संदिग्ध परिस्थितियों में गिर गया। बाद में कारोबारी को केवल 10 किलो का एक पार्सल ही मिला, जबकि दूसरा 18 किलो का पार्सल लापता हो गया। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसी दौरान पुराना बस स्टैंड क्षेत्र स्थित राजीव प्लाजा के पास एक दुकान के एडवांस कैमरे में फुटेज मिला, जिसमें कबाड़ दुकान के सामने पार्सल गिरता हुआ दिखाई दिया। यह कैमरा लगभग 300 मीटर दूर होने के बावजूद स्पष्ट रिकॉर्डिंग कर रहा था। पुलिस ने कबाड़ दुकान पर दबिश देकर पार्सल बरामद किया, लेकिन जांच में पाया गया कि उसमें से 2400 ग्राम चांदी गायब है। पूछताछ में सामने आया कि कबाड़ दुकान संचालक छोटू पांडेय मौके से फरार हो गया है और उसी पर चांदी लेकर भागने का शक जताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

बिलासपुर में कबाड़ दुकान से मिला 18 किलो चांदी का पार्सल, 2400 ग्राम गायब, कबाड़ी फरार Read Post »

Bilaspur, Top News