बिलासपुर में ढाबा संचालक से बदसलूकी का आरोप: टीआई पर दाढ़ी खींचकर मारपीट करने का आरोप, जांच के आदेश
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र में पुलिस की कथित बदसलूकी का मामला सामने आया है। रायपुर रोड स्थित गुरु नानक ढाबा के संचालक ने थाना प्रभारी (टीआई) पर मारपीट और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद एसएसपी ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। जानकारी के मुताबिक, बोदरी निवासी कुशल माखीजा गुरु नानक ढाबा का संचालन करते हैं। सोमवार शाम पुलिस टीम ढाबे पर पहुंची और वहां खड़ी बिना नंबर प्लेट वाली बाइक को जब्त कर थाने ले गई। उस समय संचालक मौके पर मौजूद नहीं थे। रात करीब 8:30 बजे ढाबे पर लौटने के बाद कुशल को बाइक जब्त किए जाने की जानकारी मिली। इसके बाद वह चकरभाठा थाने पहुंचकर बाइक के बारे में पूछताछ करने लगे। आरोप है कि इसी दौरान थाना प्रभारी उमेश साहू नाराज हो गए और गाली-गलौज करने लगे। कुशल माखीजा का कहना है कि टीआई ने उनकी दाढ़ी खींचकर मारपीट की और मोबाइल फोन भी छीन लिया। उन्हें रीडर कक्ष में बैठाकर रखा गया और रात भर थाने में रोकने की बात कही गई। साथ ही झूठे मामले में फंसाने की धमकी भी दी गई। शिकायत के अनुसार, उन्हें लगभग चार घंटे तक थाने में बैठाए रखा गया और देर रात करीब 11:30 बजे छोड़ा गया। मंगलवार को पीड़ित सिख समाज के प्रतिनिधियों के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचा और एसएसपी रजनेश सिंह को लिखित शिकायत दी। समाज के कई पदाधिकारी भी इस दौरान मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि संबंधित थाना प्रभारी पर पहले भी अवैध वसूली और विवादों के आरोप लग चुके हैं। पूर्व में एक मामले में जुआ एक्ट के नाम पर फंसाने और पैसे लेने का आरोप लगाया गया था, जिसमें एक हवलदार पर कार्रवाई हुई थी। एसएसपी ने मामले को गंभीर मानते हुए सिविल लाइन सीएसपी को जांच सौंप दी है। उन्होंने कहा कि थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच से पूरी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

