छत्तीसगढ़: फुटबॉल टूर्नामेंट के समापन पर डांस कार्यक्रम बना विवाद की वजह, रोजगार सहायक पर नोट उड़ाने का आरोप

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से एक विवादित वीडियो सामने आया है, जिसने प्रशासन और राजनीति दोनों में हलचल मचा दी है। सोनहत ब्लॉक के ग्राम पंचायत पोड़ी में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता के समापन के बाद हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान डांसर्स पर खुलेआम नोट उड़ाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में रोजगार सहायक जिंदर साय सोनवानी को फिल्मी गानों पर नाचती डांसर्स के ऊपर नोट लुटाते और उनके साथ ठुमके लगाते हुए देखा जा सकता है। जानकारी के मुताबिक इस डांस कार्यक्रम के लिए करीब 10 लाख रुपये खर्च कर कोरबा से नाचा पार्टी को बुलाया गया था, जिसमें तीन से चार डांसर्स शामिल थीं। स्कूल परिसर में कार्यक्रम, विपक्ष का हमला यह कार्यक्रम पोड़ी के स्कूल मैदान परिसर में आयोजित किया गया था और देर रात तक चलता रहा। वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने इस आयोजन को लेकर कड़ा विरोध जताया है। भरतपुर-सोनहत के पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि छत्तीसगढ़ की परंपरा ‘नाचा’ और ‘गम्मत’ की है, न कि अश्लीलता की। उन्होंने इसे प्रशासन की लापरवाही बताया और कहा कि स्कूल परिसर में इस तरह का कार्यक्रम शर्मनाक है। जनप्रतिनिधि पहले लौटे, रात में हुआ कार्यक्रम जानकारी के अनुसार, फुटबॉल टूर्नामेंट के समापन कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य शिवकुमारी, भाजयुमो जिला महामंत्री मनोज साहू, भाजपा जिला मंत्री ईश्वर राजवाड़े और जनपद अध्यक्ष आशा सोनपाकर मौजूद थे, लेकिन कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे सभी लौट गए। इसके बाद रात में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। रोजगार सहायक बर्खास्त वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोनहत जनपद पंचायत की सीईओ विमला द्वारा रोजगार सहायक जिंदर साय सोनवानी को पद से बर्खास्त कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि इस कार्यक्रम की व्यवस्था रोजगार सहायक और महिला सरपंच के पति बहादुर द्वारा की गई थी। पहले भी विवादों में रहा है नाम रोजगार सहायक जिंदर साय सोनवानी पहले भी विवादों में रह चुका है। उस पर इंदिरा आवास योजना में हितग्राहियों से अवैध रूप से पैसे लेने के आरोप लगे थे। जांच में दोषी पाए जाने के बाद उसे पहले भी बर्खास्त किया गया था, हालांकि बाद में उसने कोर्ट से स्टे ले लिया था। फिलहाल इस मामले को लेकर इलाके में चर्चाओं का दौर जारी है और प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

छत्तीसगढ़: फुटबॉल टूर्नामेंट के समापन पर डांस कार्यक्रम बना विवाद की वजह, रोजगार सहायक पर नोट उड़ाने का आरोप Read Post »

Chhattisgarh, Top News