रायपुर में छात्र से चाकू की नोक पर लूट, हिस्ट्रीशीटर समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने कुछ घंटों में सुलझाया मामला
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक डी-फार्मा छात्र और उसके दोस्त के साथ हुई लूट की वारदात का पुलिस ने तेजी से खुलासा करते हुए कुछ ही घंटों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना सरस्वती नगर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्र सुजल लेदर अपने दोस्त वैभव यादव के साथ 25 अप्रैल की रात चंगोराभाठा से स्कूटी पर घर लौट रहा था। दोनों जब कुकुरबेड़ा गुरुद्वारे के पीछे रिंग रोड इलाके में पहुंचे तो रास्ता समझने के लिए मोबाइल देख रहे थे। इसी दौरान तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया और चाकू दिखाकर लूटपाट शुरू कर दी। आरोपियों ने मारपीट करते हुए छात्र पर हमला किया। इस दौरान एक आरोपी ने वैभव यादव की जांघ में चाकू मारा, जबकि दूसरे आरोपी ने सुजल के गले से लगभग 2500 रुपये की चांदी की चेन और अन्य दस्तावेज लूट लिए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर सरस्वती नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। डीसीपी वेस्ट संदीप पटेल के निर्देश पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और जल्द ही एक आरोपी की पहचान आकाश नायक उर्फ जेडी के रूप में की, जो थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। पुलिस पूछताछ में आकाश ने अपने दो नाबालिग साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। इसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके पास से लूटी गई चांदी की चेन, आधार कार्ड और एक बटनदार चाकू भी बरामद किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुख्य आरोपी आकाश नायक के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

