राजधानी के 18 प्रमुख चौराहों का बदलेगा ट्रैफिक सिस्टम, बनेंगे लेफ्ट-फ्री रोड जंक्शन
राजधानी रायपुर में बढ़ते यातायात दबाव और रोज़ लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। शहर के 18 सबसे ज्यादा जामग्रस्त चौराहों को अब आधुनिक लेफ्ट-फ्री रोड जंक्शन के रूप में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 9.2 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। सुबह और शाम के व्यस्त समय में ट्रैफिक सिग्नल पर वाहनों की लंबी कतारें आम समस्या बन चुकी हैं। इसी को देखते हुए निगम ने ऐसे चौराहों की पहचान की है, जहां लेफ्ट टर्न के कारण सबसे ज्यादा अवरोध होता है। नए कॉन्सेप्ट के तहत बाएं मुड़ने वाले वाहनों को सिग्नल पर रुकना नहीं पड़ेगा, जिससे ट्रैफिक फ्लो बेहतर होगा। इन चौराहों पर होगा काम जयस्तंभ चौक, अनुपम गार्डन चौक, शास्त्री चौक, भगत सिंह चौक, खजाना चौक, भारतमाता चौक, कालीबाड़ी, महिला थाना, राजीव गांधी चौक समेत कुल 18 चौराहों पर यह व्यवस्था लागू की जाएगी। परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है और टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। जयस्तंभ चौक में क्या बदलाव होंगे जयस्तंभ चौक राजधानी का सबसे व्यस्त चौराहा है, जहां से रोजाना करीब 1.25 लाख वाहन गुजरते हैं। यहां सर्कल का रेडियस बढ़ाकर 3.69 मीटर से 9.23 मीटर किया जाएगा। चारों दिशाओं के डिवाइडर को छोटा किया जाएगा और तीन लेन को स्पष्ट करने के लिए पेवमेंट मार्किंग की जाएगी। लेफ्ट टर्न को पूरी तरह फ्री बनाने के लिए चारों ओर ट्रैफिक आईलैंड बनाए जाएंगे। इससे तीसरी लेन केवल बाएं मुड़ने वाले वाहनों के लिए होगी और जाम की स्थिति कम होगी। भगत सिंह चौक का भी बदलेगा स्वरूप भगत सिंह चौक से प्रतिदिन करीब 90 हजार वाहन गुजरते हैं। यहां तीन मार्गों के डिवाइडर आगे बढ़ाए जाएंगे। शास्त्री चौक से शंकर नगर जाने वाले मार्ग पर तीसरी लेन और अलग-अलग साइज के ट्रैफिक आईलैंड बनाए जाएंगे। इसी तरह शंकर नगर से तेलीबांधा और सीएम हाउस रोड से शास्त्री चौक की ओर लेफ्ट टर्न के लिए भी अलग लेन विकसित की जाएगी। क्यों जरूरी हैं ट्रैफिक आईलैंड ट्रैफिक आईलैंड सड़क पर बनाया गया एक चिन्हित या उठा हुआ हिस्सा होता है, जो वाहनों को सही दिशा में चलने में मदद करता है। लेफ्ट टर्न के लिए अलग लेन बनने से सीधे जाने वाले वाहनों का ट्रैफिक बिना रुकावट चलता है। इससे जाम और टकराव की संभावना काफी हद तक कम हो जाती है। नगर निगम का दावा है कि इन 18 चौराहों पर लेफ्ट-फ्री व्यवस्था लागू होने के बाद राजधानी के ट्रैफिक में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा और लोगों को रोज़मर्रा के जाम से राहत मिलेगी।
राजधानी के 18 प्रमुख चौराहों का बदलेगा ट्रैफिक सिस्टम, बनेंगे लेफ्ट-फ्री रोड जंक्शन Read Post »
Chhattisgarh, Raipur, Top News, Uncategorized
