रायपुर में युवक पर चाकू से हमला, पुराने विवाद में रिश्तेदार निकला आरोपी – घायल एम्स में भर्ती, पुलिस ने दर्ज किया केस
रायपुर। राजधानी रायपुर के न्यू चंगोराभाठा इलाके में रविवार देर रात एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला हुआ। पुरानी रंजिश के चलते रिश्तेदार ने वारदात को अंजाम दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना डीडी नगर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, घायल युवक मोंटू देवांगन रविवार रात करीब 11:40 बजे अपने दोस्त पिंटू पटवा के साथ अलमारी फैक्ट्री के पास बैठा था। इसी दौरान आरोपी राहुल देवांगन अपने साथियों रोहित विश्वकर्मा, चिंकी पटनायक उर्फ चीकू और अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचा। 🔪 पुरानी रंजिश में वारदात, युवक को कई जगह आईं गंभीर चोटें बताया जा रहा है कि पुरानी दुश्मनी के चलते आरोपियों ने मोंटू देवांगन से गाली-गलौज की और जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया। वारदात में युवक के बाएं आंख, दाहिने कान, गाल और कमर पर गहरे घाव हुए हैं। हमले के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। इसके बाद मोंटू के बड़े भाई सुभाष देवांगन ने घायल को तुरंत एम्स पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। 👮 एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी घटना से कुछ घंटे पहले शाम 7 बजे भी राहुल और मोंटू के बीच झगड़ा हुआ था, जिसे उस समय शांत करा दिया गया था। लेकिन रात में फिर से हमला कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी राहुल देवांगन समेत अन्य पर हत्या के प्रयास (हाफ मर्डर) का मामला दर्ज किया है। एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है, बाकी की तलाश जारी है।

