रायपुर में एलपीजी आपूर्ति को लेकर कलेक्टर की बैठक, कालाबाजारी पर सख्ती के निर्देश

रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने मंगलवार देर शाम जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा के लिए ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधियों और एलपीजी डीलर्स के साथ बैठक की। इस बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में एलपीजी गैस की सप्लाई सुचारू रूप से बनी रहनी चाहिए और आम उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। कलेक्टर ने डीलर्स को निर्देशित किया कि गैस सिलेंडर की बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं को समय पर डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। साथ ही वितरण व्यवस्था में पूरी पारदर्शिता बनाए रखने के लिए भी कहा गया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि गैस की कालाबाजारी या वितरण में किसी प्रकार की अनियमितता की शिकायत मिलती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जिले में एलपीजी गैस का स्टॉक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, इसलिए आम लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। यदि किसी उपभोक्ता को गैस आपूर्ति से जुड़ी समस्या आती है तो वे जिला कलेक्टर कॉल सेंटर के नंबर 9977222564, 9977222574, 9977222584 और 9977222594 पर संपर्क कर सकते हैं। बैठक में खाद्य नियंत्रक भूपेन्द्र मिश्रा, गैस एजेंसियों के संचालक और ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। डीलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी उपभोक्ताओं से अपील की कि वे पैनिक न हों और सहयोग बनाए रखें। इंडेन डीलर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष और ऑल एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स के जिला अध्यक्ष विकास मरकाम ने बताया कि होली के कारण कुछ दिनों तक गैस वितरण में थोड़ी देरी हुई थी, लेकिन अब स्थिति सामान्य हो रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वर्तमान में और भविष्य में एलपीजी गैस को लेकर किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होगी। वहीं भारत गैस वितरक संघ के प्रदेश अध्यक्ष मुरारी गौड़ ने बताया कि फिलहाल कॉमर्शियल कनेक्शन में अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर गैस सिलेंडर की आपूर्ति की जाएगी। इधर, छत्तीसगढ़ होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की कमी को देखते हुए होटलों और रेस्टोरेंट्स के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें जरूरत पड़ने पर इंडक्शन कुकटॉप, इलेक्ट्रिक हॉट प्लेट, इलेक्ट्रिक राइस कुकर जैसे इलेक्ट्रिक उपकरणों के उपयोग की सलाह दी गई है, ताकि रसोई संचालन प्रभावित न हो।

रायपुर में एलपीजी आपूर्ति को लेकर कलेक्टर की बैठक, कालाबाजारी पर सख्ती के निर्देश Read Post »

Chhattisgarh, Raipur