रायगढ़ में महिला वकील की हत्या, शादी के दबाव से परेशान प्रेमी ने जंगल में उतारा मौत के घाट
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में महिला वकील की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतका के बीच पिछले करीब दो साल से प्रेम संबंध था। शादी का दबाव बढ़ने के बाद आरोपी ने हत्या की साजिश रची और महिला की जंगल में ले जाकर हत्या कर दी। मामला Raigarh के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है। मृतका की पहचान आराधना सिदार (30) के रूप में हुई है, जो जिला कोर्ट में जूनियर वकील थीं और जिला अधिवक्ता संघ से जुड़ी थीं। आरोपी लोकनाथ पटेल (30) पहले से शादीशुदा बताया जा रहा है। पुलिस जांच में पता चला कि दोनों की पहचान सोशल मीडिया के जरिए हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। पुलिस के अनुसार आराधना लगातार आरोपी पर शादी करने का दबाव बना रही थीं। इसी बात से परेशान होकर लोकनाथ ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। बताया जा रहा है कि उसने पहले ही बाजार से सब्जी काटने वाला चाकू खरीद लिया था। 9 मई को आरोपी महिला को अपने साथ सक्ती ले गया। दोनों मंदिर घूमने के बाद एक लॉज में रुके, जहां उन्होंने पति-पत्नी के नाम से एंट्री करवाई। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसी रात दोनों के बीच शादी को लेकर फिर विवाद हुआ था। अगली सुबह आरोपी महिला को तुमीडीह जंगल की ओर ले गया। सुनसान इलाके में उसने पहले गला दबाकर बेहोश किया, फिर पत्थर से चेहरे और सिर पर हमला किया। पुलिस के मुताबिक पहचान छिपाने और जांच को भटकाने के लिए आरोपी ने महिला के कपड़े उतार दिए और बाद में चाकू से गला काटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने राबो डैम के पास खून के निशान साफ किए। मृतका के बैग से पैसे निकालकर खर्च किए और बैग को तालाब के पास फेंक दिया। आधार कार्ड और एटीएम कार्ड जलाने की भी जानकारी सामने आई है। आरोपी को महिला के मोबाइल और फोन-पे का पासवर्ड भी पता था। पुलिस का कहना है कि शक से बचने के लिए उसने मृतका के फोन से उसकी बहन और सहेलियों को कॉल कर लड़की की आवाज में बात करने की कोशिश की। बाद में मोबाइल तोड़कर फेंक दिया गया। 12 मई को तुमीडीह डैम के पास जंगल में महिला का शव अर्धनग्न हालत में मिला था। इसके बाद पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। सीसीटीवी फुटेज और बाइक नंबर के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची और 16 मई को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने पूरी वारदात कबूल कर ली है। इस घटना के बाद जिला अधिवक्ता संघ ने कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मृतका की बहन भी बेंगलुरु से रायगढ़ पहुंची और पुलिस को बताया कि एक दिन फोन बंद रहने के बाद अचानक कॉल आया था, लेकिन बात करने वाली आवाज अलग लग रही थी। इसके बाद परिवार को हत्या की जानकारी मिली।

