कवर्धा में 1 लाख से अधिक का गांजा बरामद, ग्राहक की तलाश में घूम रहा तस्कर गिरफ्तार
कबीरधाम जिले में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 1 लाख रुपये से अधिक कीमत का गांजा जब्त किया है। एसपी धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर जिले भर में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पिपरिया पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस को 13 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम दशरंगपुर का एक व्यक्ति काले बैग में गांजा लेकर दुधिया रोड की ओर पैदल जा रहा है और बिक्री के लिए ग्राहक की तलाश में है। सूचना मिलते ही पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिये का व्यक्ति कंधे पर काला बैग लटकाए आता दिखा, जिसे रोककर पूछताछ की गई। उसने अपना नाम अजय गणवीर निवासी दशरंगपुर बताया। संदेह के आधार पर एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बैग में रखी दो पॉलिथीन में कुल 2.821 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1,05,350 रुपये बताई गई। इसके अलावा आरोपी के पास से 67,150 रुपये नकद और लगभग 15,000 रुपये कीमत का एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। कुल मिलाकर 1,87,500 रुपये का सामान जब्त किया गया। इस मामले में आरोपी के खिलाफ थाना पिपरिया में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(2)(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया कर रही है और मामले की आगे जांच जारी है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार दिखाई दे, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
कवर्धा में 1 लाख से अधिक का गांजा बरामद, ग्राहक की तलाश में घूम रहा तस्कर गिरफ्तार Read Post »
Chhattisgarh
