म्यूल खातों से साइबर ठगी का नेटवर्क बेनकाब, दुर्ग पुलिस ने 4 आरोपियों को पकड़ा

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में साइबर ठगी से जुड़े एक अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा हुआ है। जामुल थाना पुलिस ने म्यूल खातों के जरिए अवैध लेनदेन करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई सीसीएम मेडिकल कॉलेज रोड, कुरूद स्थित एक पीजी मकान के पास की गई। बड़ी मात्रा में बैंकिंग दस्तावेज जब्त पुलिस ने आरोपियों के पास से 13 बैंक पासबुक, 7 चेकबुक, 18 एटीएम कार्ड, 4 मोबाइल फोन, 12 सिम कार्ड और 5,700 रुपये नकद बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह गिरोह साइबर अपराधियों को बैंक खाते उपलब्ध कराता था, जिनके जरिए ठगी की रकम का लेनदेन किया जाता था। 19 फरवरी को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ और तलाशी के दौरान मिले दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क की पुष्टि हुई। कई राज्यों से जुड़े मिले मामले जब्त खातों की जांच समन्वय पोर्टल पर की गई, जिसमें सामने आया कि कुछ खातों से जुड़े लेनदेन केरल, कर्नाटक, बिहार और गुजरात में दर्ज साइबर धोखाधड़ी मामलों से संबंधित हैं। इससे साफ है कि गिरोह अलग-अलग राज्यों के साइबर अपराधियों से जुड़ा हुआ था। गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद अब्दुला राईन उर्फ अमन (24) निवासी अहमद नगर कैंप-02 छावनी, हिमांशु पटेल (31) निवासी सेक्टर-01 भिलाई भट्टी, पुट्टा राकेश बाबू (27) निवासी भीमावरम, वेस्ट गोदावरी (आंध्र प्रदेश) और शुभम स्वाई (20) निवासी सुंदरगढ़ शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 318(4), 317(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। क्या होता है ‘म्यूल अकाउंट’? म्यूल अकाउंट ऐसे बैंक खाते होते हैं जिन्हें कमीशन या लालच देकर साइबर अपराधियों के उपयोग के लिए लिया जाता है। ठगी की रकम पहले इन खातों में डाली जाती है और फिर एटीएम या अन्य माध्यम से निकालकर आगे ट्रांसफर कर दी जाती है। इस प्रक्रिया में असली अपराधी छिपे रहते हैं, जबकि खाता धारक कानूनी कार्रवाई का सामना करते हैं। पुलिस की अपील दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी परिस्थिति में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड या सिम कार्ड किसी अन्य व्यक्ति को उपयोग के लिए न दें। थोड़े से लाभ के लालच में दिया गया खाता गंभीर अपराध का हिस्सा बन सकता है। संदिग्ध साइबर गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन को दें।

म्यूल खातों से साइबर ठगी का नेटवर्क बेनकाब, दुर्ग पुलिस ने 4 आरोपियों को पकड़ा Read Post »

Bhilai / Durg, Chhattisgarh, Crime