नेटवर्क नहीं तो बगीचा बना समाधान: आम के पेड़ों के नीचे हुआ महतारी वंदन योजना का ई-केवाईसी
डिजिटल इंडिया के इस दौर में भी ग्रामीण इलाकों में नेटवर्क की समस्या बड़ी चुनौती बनी हुई है, लेकिन पंडरिया ब्लॉक के ग्राम आगरपानी में प्रशासन ने इसका अनोखा समाधान निकाला। महतारी वंदन योजना के तहत ई-केवाईसी की प्रक्रिया पंचायत भवन में नेटवर्क कमजोर होने के कारण पूरी नहीं हो पा रही थी। बार-बार कोशिश के बावजूद तकनीकी दिक्कतों से काम अटक रहा था। महिलाएं सुबह से पंचायत भवन में लाइन लगाकर खड़ी रहती थीं, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी उनका ई-केवाईसी नहीं हो पाता था, जिससे उन्हें काफी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। इस समस्या को देखते हुए प्रशासन ने जुगाड़ के तौर पर पंचायत भवन के बजाय आम के बगीचे में अस्थायी शिविर लगाया। यहां नेटवर्क बेहतर मिलने पर पेड़ों के नीचे बैठकर ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी की गई। इस पहल से गांव की महिलाओं को बड़ी राहत मिली और उनका काम तेजी से पूरा हो सका। प्रशासन के इस प्रयास को ग्रामीणों ने सराहा है, क्योंकि इससे तकनीकी बाधा के बावजूद योजना का लाभ लोगों तक पहुंच पाया।

