दुर्ग में 2400 रुपए के लिए हत्या: पत्थर से सिर कुचलकर युवक की जान ली, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में महज 2400 रुपए के लिए एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। जेवरा-सिरसा चौकी पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना ग्राम करहीडीह की है, जहां रामनारायण निषाद की हत्या कर दी गई थी। शुरुआती जांच में दो नाबालिगों के शामिल होने की बात सामने आई थी, लेकिन दस्तावेजों की जांच में मुख्य आरोपी योगेंद्र निषाद उर्फ बाठू बालिग पाया गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पैसे निकालने के दौरान हुआ विवादपुलिस के अनुसार आरोपी ने नशे में सोए रामनारायण की जेब से 2400 रुपए निकालने की कोशिश की। इसी दौरान उसे होश आ गया और उसने विरोध किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। आरोपी योगेंद्र और उसके नाबालिग साथी ने मिलकर रामनारायण की पिटाई की। इसके बाद उसके पैर गमछे से बांधकर उसे खेत की ओर ले जाया गया। पत्थर से सिर कुचलकर की हत्याखेत में ले जाकर दोनों आरोपियों ने पत्थर से उसका सिर कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। मां ने मिटाए सबूतजांच में यह भी सामने आया कि आरोपी की मां सावित्री निषाद ने सबूत मिटाने की कोशिश की। उसने खून से सने कपड़े और जूते जला दिए, ताकि पुलिस को कोई सुराग न मिल सके। अगले दिन मिला शवघटना 25 अप्रैल की रात की है, जब रामनारायण अपने दोस्तों के साथ शराब पी रहा था। दोस्तों के जाने के बाद वह वहीं रुक गया। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचे और वारदात को अंजाम दिया। 26 अप्रैल को पुलिस ने शव बरामद किया। सभी आरोपी गिरफ्तारपुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी, नाबालिग साथी और साक्ष्य नष्ट करने के आरोप में उसकी मां को भी गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई जारी है।



