“VIP रोड की लेट नाइट पार्टी पर पुलिस का धावा! DJ की धुन बंद… अब लाइसेंस पर भी लटक गई तलवार”
राजधानी रायपुर के VIP रोड स्थित ‘फर्जी कैफे’ में देर रात चल रही पार्टी पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस ने मौके पर रेड मारकर डीजे जब्त कर लिया और कोलाहल अधिनियम के तहत केस दर्ज किया। जानकारी के मुताबिक, रात करीब 12:30 बजे पुलिस को खबर मिली थी कि बेबीलॉन इंटरनेशन परिसर के इस कैफे में तेज आवाज में डीजे बजाकर युवक-युवतियों की पार्टी चल रही है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सिविल लाइन ACP रमाकांत साहू ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम रात करीब 1:15 बजे कैफे पहुंची, जहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। तेज म्यूजिक, डांस और शराब पार्टी जारी थी, जो नियमों के खिलाफ पाई गई। ACP रमाकांत साहू ने बताया कि बिना अनुमति देर रात तक पार्टी करना और तेज आवाज में डीजे बजाना नियमों का उल्लंघन है। इस मामले में डीजे को जब्त कर लिया गया है और केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इतना ही नहीं, कैफे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उसका लाइसेंस रद्द करने के लिए कलेक्टर को प्रतिवेदन भी भेजा गया है। ⚠️ पुलिस का साफ संदेश:शहर में लेट नाइट पार्टी, ध्वनि प्रदूषण और अवैध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त एक्शन जारी रहेगा।

