बिलासपुर में 10 साल की बच्ची से रेप:बाइक में घूमाने के बहाने वारदात, रात भर ढूंढते रहे रिश्तेदार, जंगल में पकड़ाया आरोपी
बिलासपुर के बेलगहना क्षेत्र में 10 साल की बच्ची के साथ गलत काम का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक रंजीत यादव बच्ची को बाइक में घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया। इसके बाद वह उसे सुनसान जगह पर ले गया, जहां उसने वारदात को अंजाम दिया। इधर बच्ची के अचानक गायब होने से परिवार वाले परेशान हो गए। परिजन और रिश्तेदार पूरी रात बच्ची को अलग-अलग जगहों पर तलाशते रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। अगली सुबह आरोपी बच्ची को उसके घर के पास छोड़कर फरार हो गया। घर पहुंचने के बाद बच्ची ने डरी हुई हालत में परिवार वालों को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजन तुरंत पुलिस के पास पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस को देखते ही आरोपी जंगल की तरफ भाग गया। इसके बाद पुलिस ने ड्रोन की मदद से जंगल में सर्चिंग की और आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

