बिरगांव में सुशासन त्योहार के तहत 2000 से अधिक लोगों को मिला लाभ, कई समस्याओं का हुआ समाधान

बिरगांव (22 मई): बिरगांव नगर निगम द्वारा आज रावाभाठा में आयोजित “समाधान त्योहार” में वार्ड क्रमांक 1 से 20 तक के नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया गया। यह कार्यक्रम पिछले माह आयोजित “सुशासन त्योहार” का हिस्सा था, जिसमें नागरिकों ने अपनी समस्याएं लिखित रूप से सरकार को सौंपी थीं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिरगांव नगर निगम के महापौर नंदलाल देवांगन और रायपुर ग्रामीण के विधायक मोतीलाल साहू उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों एवं पार्षदों की उपस्थिति में कुल 30 शिविर लगाए गए, जिनमें तात्कालिक रूप से कई आवश्यक सेवाएं प्रदान की गईं। मुख्य सेवाओं में ड्राइविंग लाइसेंस, लर्निंग लाइसेंस, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ी समस्याओं का निवारण किया गया। साथ ही महिला एवं बाल विकास, बिजली, पानी, सड़क, स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा, और नशा मुक्ति जैसे विषयों पर भी समाधान प्रस्तुत किए गए। विधायक मोतीलाल साहू ने कहा कि “विष्णुदेव साय जी की सरकार राज्य के हर नागरिक की समस्या को सुनकर समाधान कर रही है।” उन्होंने बताया कि इस आयोजन से लगभग 2000 लोगों को प्रत्यक्ष रूप से लाभ मिला है। हालांकि, कार्यक्रम के दौरान कुछ नागरिकों ने अपनी समस्याएं अभी भी अनसुलझी बताईं। विशेष रूप से उरकुरा, आछोली और रावाभाठा जैसे इलाकों के नागरिकों ने बताया कि वे पिछले 20 वर्षों से नजूल की जमीन पर रह रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी सहायता नहीं कर रही। उनका कहना है कि उनका मतदाता परिचय पत्र यहीं का है और वे चाहते हैं कि उन्हें भूमि का पट्टा प्रदान किया जाए या वैकल्पिक आवास की व्यवस्था की जाए। नगर निगम के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि इन लंबित मामलों की भी शीघ्र जांच कर उचित निर्णय लिया जाएगा।

बिरगांव में सुशासन त्योहार के तहत 2000 से अधिक लोगों को मिला लाभ, कई समस्याओं का हुआ समाधान Read Post »

Birgaon, Chhattisgarh, Political, Raipur, Top News