Chhattisgarh Sports News

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के विजेताओं को 2 महीने बाद भी नहीं मिली पुरस्कार राशि, नियमों में फंसी फाइल

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के समापन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा घोषित पुरस्कार राशि का इंतजार अब भी खिलाड़ियों को है। घोषणा हुए दो महीने से अधिक समय बीत चुके हैं, लेकिन पदक विजेताओं के खातों में अब तक राशि नहीं पहुंची है। इससे खिलाड़ियों में निराशा बढ़ रही है। 25 मार्च से 3 अप्रैल तक छत्तीसगढ़ में आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में प्रदेश के करीब 81 खिलाड़ियों ने विभिन्न व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओं में पदक जीते थे। समापन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने व्यक्तिगत स्पर्धाओं में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक विजेताओं के लिए क्रमशः 2 लाख, 1.5 लाख और 1 लाख रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की थी। वहीं टीम स्पर्धाओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए भी अलग-अलग प्रोत्साहन राशि घोषित की गई थी। हालांकि, पुरस्कार वितरण की प्रक्रिया प्रशासनिक और वित्तीय नियमों के कारण अटक गई है। खेल विभाग ने राशि जारी करने के लिए प्रस्ताव तैयार कर संबंधित विभागों को भेजा, लेकिन वित्त विभाग ने नियमों और बजट प्रावधानों का हवाला देते हुए फाइल वापस लौटा दी। वित्त विभाग का कहना है कि मौजूदा बजट में इस पुरस्कार राशि के लिए अलग से प्रावधान नहीं है। साथ ही वर्तमान अधिसूचित योजनाओं में ट्राइबल गेम्स के पदक विजेताओं को इस प्रकार की राशि देने का उल्लेख भी नहीं किया गया है। ऐसे में स्पष्ट नियमों और वित्तीय स्वीकृति के बिना भुगतान संभव नहीं है। जानकारी के अनुसार, खेल एवं युवा कल्याण विभाग अब नियमों में संशोधन की प्रक्रिया पूरी कर रहा है। विभागीय अधिकारियों का दावा है कि संशोधित प्रस्ताव जल्द ही दोबारा वित्त विभाग को भेजा जाएगा, जिसके बाद भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी। मौजूदा क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना और मुख्यमंत्री की घोषणा के बीच कई विसंगतियां सामने आई हैं। वर्तमान योजना के तहत राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को निर्धारित और अपेक्षाकृत कम राशि दी जाती है, जबकि ट्राइबल गेम्स के लिए घोषित पुरस्कार राशि इससे कहीं अधिक है। इसके अलावा वर्तमान नियम आयु वर्ग और खिलाड़ी आधारित पात्रता पर केंद्रित हैं, जबकि ट्राइबल गेम्स में कई स्पर्धाएं ओपन कैटेगरी और टीम आधारित स्वरूप में आयोजित की गई थीं। पुरस्कार राशि में देरी से खिलाड़ियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ट्राइबल गेम्स में कई पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का कहना है कि कोचिंग, डाइट, उपकरण और प्रतियोगिताओं की तैयारी पर लगातार खर्च होता है। समय पर राशि मिल जाती तो उनकी तैयारियों को काफी मदद मिल सकती थी। कुछ खिलाड़ियों ने बताया कि आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए उन्हें अतिरिक्त संसाधनों की जरूरत है, लेकिन पुरस्कार राशि नहीं मिलने के कारण वे आर्थिक दबाव में हैं। खिलाड़ियों का कहना है कि देर से मिलने वाली सहायता कई बार अपने उद्देश्य को पूरा नहीं कर पाती। अब सभी की नजरें नियम संशोधन और वित्त विभाग की मंजूरी पर टिकी हैं। खिलाड़ियों को उम्मीद है कि लंबित प्रक्रिया जल्द पूरी होगी और उन्हें घोषित पुरस्कार राशि प्राप्त हो सकेगी।

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के विजेताओं को 2 महीने बाद भी नहीं मिली पुरस्कार राशि, नियमों में फंसी फाइल Read Post »

Sports, State, Top News

रायपुर IPL मैच में बवाल, गेट तोड़कर स्टेडियम में घुसी भीड़, पुलिस और फैंस में झड़प

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में RCB और KKR के बीच खेले गए IPL मुकाबले के दौरान भारी अव्यवस्था देखने को मिली। मैच में RCB ने 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज की, लेकिन स्टेडियम के बाहर और अंदर हुए हंगामे ने आयोजन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। जानकारी के अनुसार, कई दर्शकों के पास टिकट होने के बावजूद उन्हें स्टेडियम में प्रवेश नहीं दिया गया, जिससे भीड़ नाराज हो गई। स्थिति बिगड़ते ही कुछ लोग दीवार कूदकर स्टेडियम के अंदर घुसने लगे, जबकि गेट नंबर 2 पर भी भारी बवाल देखने को मिला। बताया जा रहा है कि भीड़ ने नियंत्रण खो दिया और कुछ स्थानों पर गेट तोड़कर लोग अंदर प्रवेश कर गए। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों और पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। कुछ जगहों पर सुरक्षाकर्मियों द्वारा लोगों को दौड़ा-दौड़ा कर हटाने की घटनाएं भी सामने आई हैं। स्थिति को संभालने के दौरान मीडिया कर्मियों को वीडियो बनाने से रोकने की भी शिकायत सामने आई है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें अफरा-तफरी साफ देखी जा सकती है। बारिश के कारण मैच देर से शुरू हुआ, जो रात करीब 8:45 बजे शुरू हुआ। इसके बावजूद क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह कम नहीं हुआ और बड़ी संख्या में दर्शक बारिश में भीगते हुए स्टेडियम पहुंचे। कई फैंस विराट कोहली को देखने के लिए पहुंचे थे, जबकि कुछ दर्शक कोलकाता से KKR का समर्थन करने आए थे। फिलहाल इस पूरे मामले ने स्टेडियम की सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रायपुर IPL मैच में बवाल, गेट तोड़कर स्टेडियम में घुसी भीड़, पुलिस और फैंस में झड़प Read Post »

Raipur, Sports, State, Top News

खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स: 6 से 8 जनवरी तक चयन ट्रायल, रायपुर और बिलासपुर में होंगे आयोजन

छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित हो रहे खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स के लिए खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। राज्य की टीमों के चयन हेतु 6 से 8 जनवरी 2026 तक रायपुर और बिलासपुर में चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। रायपुर में वेट-लिफ्टिंग, कुश्ती, फुटबॉल और हॉकी, जबकि बिलासपुर में तीरंदाजी, एथलेटिक्स और तैराकी के लिए ट्रायल होंगे। इन ट्रायल्स के माध्यम से विभिन्न खेलों में प्रतिभावान आदिवासी खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अनुसार, इच्छुक खिलाड़ी ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पंजीयन कर सकते हैं। ऑनलाइन पंजीयन के लिए खिलाड़ी विभागीय वेबसाइट sportsyw.cg.gov.in पर उपलब्ध रजिस्ट्रेशन लिंक और क्यूआर कोड का उपयोग कर सकते हैं। वहीं, सभी ट्रायल स्थलों पर ऑफलाइन पंजीयन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स: 6 से 8 जनवरी तक चयन ट्रायल, रायपुर और बिलासपुर में होंगे आयोजन Read Post »

Chhattisgarh, Education, Raipur, State, Top News
Scroll to Top