संगीता सिन्हा बनीं छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की प्रभारी अध्यक्ष, स्थायी नियुक्ति तक संभालेंगी जिम्मेदारी
छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर चल रही असमंजस की स्थिति के बीच संजारी बालोद से विधायक संगीता सिन्हा को प्रभारी प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस संबंध में ऑल इंडिया महिला कांग्रेस की ओर से आधिकारिक पत्र जारी किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर पहले संगीता सिन्हा और छन्नी साहू के नाम पर सहमति नहीं बन पा रही थी। संगठन के भीतर दोनों नेताओं को लेकर अलग-अलग मत थे, जिसके चलते फैसला लंबित था। ऐसे में फिलहाल संगठन ने अंतरिम व्यवस्था के तौर पर संगीता सिन्हा को प्रभारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। वे स्थायी अध्यक्ष की नियुक्ति होने तक पद संभालेंगी। बताया जाता है कि जनवरी में दिल्ली में प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी की गई थी। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा की मौजूदगी में अनिला भेड़िया, संगीता सिन्हा, छन्नी साहू, ममता चंद्राकर और तुलिका कर्मा ने अपनी दावेदारी रखी थी। स्थायी अध्यक्ष पद के लिए मुख्य प्रतिस्पर्धा संगीता सिन्हा और छन्नी साहू के बीच मानी जा रही थी। संगठन के एक वर्ग का समर्थन छन्नी साहू को मिल रहा था, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी माने जाने के कारण संगीता सिन्हा की स्थिति भी मजबूत थी। अंततः फिलहाल उनके नाम पर प्रभारी अध्यक्ष के रूप में सहमति बन गई है। संगीता सिन्हा संजारी बालोद विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती हैं। उन्होंने स्नातक तक शिक्षा प्राप्त की है और धमतरी के शासकीय महाविद्यालय से पढ़ाई की है। उन्हें छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल का सदस्य भी बनाया जा चुका है। साथ ही उन्हें उत्कृष्ट विधायक के सम्मान से भी नवाजा जा चुका है।

