रायपुर की किरण निषाद बनीं ‘बिजनेस दीदी’, कपड़ों की दुकान और ब्यूटी पार्लर से बनीं आत्मनिर्भर
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रायपुर जिले के आरंग ब्लॉक के ग्राम नगपुरा की रहने वाली किरण निषाद महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणादायक मिसाल बनकर सामने आई हैं। उन्होंने अपने प्रयास और सरकारी योजनाओं के सहयोग से खुद का व्यवसाय खड़ा किया और अब अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने में अहम योगदान दे रही हैं। जिला प्रशासन द्वारा संचालित ‘प्रोजेक्ट बिजनेस दीदी’ के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की पहल की जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन और कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देशन में चल रही इस योजना से कई महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं। इसी पहल के तहत किरण निषाद ने भी अपना व्यवसाय शुरू किया। किरण निषाद वर्ष 2014 से बिहान समूह से जुड़ी हुई हैं और तब से लगातार समूह की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। प्रशासन के सहयोग से उन्होंने अपने गांव में कपड़ों की दुकान और ब्यूटी पार्लर की शुरुआत की, जिससे न केवल उन्हें रोजगार मिला बल्कि आसपास की महिलाओं को भी सुविधाएं मिलने लगीं। किरण बताती हैं कि इस व्यवसाय से उन्हें हर साल लगभग 1.5 से 2 लाख रुपए तक की आय हो जाती है। इस कमाई से वह अपने बच्चों की पढ़ाई और परिवार के खर्चों में मदद कर पा रही हैं। उन्होंने कहा कि ‘प्रोजेक्ट बिजनेस दीदी’ से उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला, जिसके लिए वह राज्य सरकार और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करती हैं। उनका मानना है कि महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकार की इस तरह की योजनाएं समाज में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।

