बलौदाबाजार–रायपुर मार्ग पर चलती बस में लगी आग, ड्राइवर की सूझबूझ से 50 यात्रियों की जान बची
रायपुर/बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब रायपुर की ओर जा रही एक यात्री बस में अचानक आग लग गई। ड्राइवर की तत्परता से बस में सवार करीब 50 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग की चपेट में आने से बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। इंजन से उठा धुआं, कुछ ही मिनटों में भड़की आग प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजधानी ट्रेवल्स की बस सुबह करीब 8 बजे बलौदाबाजार से रायपुर के लिए रवाना हुई थी। लगभग 9 बजे खरोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भैंसा गांव के पास बस के इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते धुआं आग में तब्दील हो गया और आग तेजी से बस में फैलने लगी। ड्राइवर ने दिखाई सूझबूझ स्थिति की गंभीरता को समझते हुए ड्राइवर ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका, सभी दरवाजे खोले और यात्रियों को बिना अफरा-तफरी के नीचे उतारा। सभी यात्रियों के बाहर निकलने के बाद आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में बस पूरी तरह जल गई। यात्री पवन ने बताया कि यदि ड्राइवर समय पर बस नहीं रोकता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। खासकर बच्चों और महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे सभी यात्रियों ने राहत की सांस ली। इंजन खराबी से आग लगने की आशंका घटना के बाद स्थानीय लोगों ने यात्रियों को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन प्रारंभिक जांच में इंजन में तकनीकी खराबी को आग लगने की वजह माना जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी। तेलीबांधा में चलती कार में अचानक लगी आग, सभी सवार सुरक्षित इधर राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में भी आग की एक और घटना सामने आई है। अग्रसेन चौक के पास शनिवार रात करीब 10:30 बजे चलते समय एक सूमो ग्रैंड (झारखंड पासिंग) वाहन में अचानक आग लग गई। घटना के समय गाड़ी में 6 लोग सवार थे। आग लगते ही सभी ने तुरंत वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और एहतियातन सड़क को कुछ देर के लिए बंद कर दिया गया। राहत की बात यह रही कि दोनों ही घटनाओं में किसी प्रकार की जनहानि या चोट की सूचना नहीं है। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।

