रायपुर के रावाभाठा में संदिग्ध विस्फोटक सामग्री बरामद, कांग्रेस नेता के रिश्तेदार से पूछताछ की तैयारी

राजधानी रायपुर के रावाभाठा इलाके में एक मकान से संदिग्ध विस्फोटक सामग्री मिलने के बाद हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर नॉर्थ थाना पुलिस, बम स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामला रविशंकर शुक्ल वार्ड नंबर-13 का बताया जा रहा है। पुलिस को मौके से बैटरी, वायर, एयरगन, केमिकल से भरी दो बोतलें और डेटोनेटर जैसी सामग्री बरामद हुई है। डीसीपी नॉर्थ मयंक गुर्जर ने बताया कि बरामद सामान की जांच की जा रही है और पूरे मामले का खुलासा जांच पूरी होने के बाद किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक, यह मकान मितानिन पुष्पा साहू का है। बुधवार शाम बीरगांव निवासी विनय देवांगन एक बैग लेकर वहां पहुंचा था। उसने बैग को घर में रखने के लिए कहा और बाद में लेने की बात कहकर चला गया। बैग पर शक होने के बाद पुष्पा साहू ने वार्ड पार्षद अश्वनी यादव को इसकी जानकारी दी। अगली सुबह पार्षद स्थानीय लोगों के साथ घर पहुंचे और बैग की जांच की। बैग खोलने पर उसमें एयरगन और संदिग्ध विस्फोटक सामग्री जैसी चीजें मिलीं। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस, बम स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में डर का माहौल है। पुलिस अब विनय देवांगन से पूछताछ की तैयारी कर रही है। बताया जा रहा है कि वह एक कांग्रेस नेता का रिश्तेदार है। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है और मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ जारी है।

रायपुर के रावाभाठा में संदिग्ध विस्फोटक सामग्री बरामद, कांग्रेस नेता के रिश्तेदार से पूछताछ की तैयारी Read Post »

Chhattisgarh, Crime, Raipur, State, Top News