भीमलत में जंगल के राजा की छवि, लव कुश वाटिका में निखर रही है प्राकृतिक सौंदर्यता
रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व के बफर जोन में स्थित भीमलत क्षेत्र में वन्यजीवों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की दिशा में वन विभाग की कोशिशें रंग ला रही हैं। यहां के जंगलों को पुनर्जीवित करने की योजना के अंतर्गत लव कुश वाटिका का दूसरा चरण पूरा कर लिया गया है, जिसे जल्द ही आम पर्यटकों के लिए खोला जाएगा। पिछले वर्ष नवंबर में इस वाटिका के सौंदर्यीकरण और सुविधाओं के विस्तार हेतु लगभग 50 लाख रुपये के कार्य प्रारंभ किए गए थे। इनमें इंटरलॉकिंग पाथवे, वॉच टॉवर और वाटर फॉल व्यू पॉइंट जैसी सुविधाएं शामिल हैं, जिससे पर्यटकों को प्रकृति के और करीब पहुंचने का अवसर मिलेगा। वन विभाग के उपवन संरक्षक देवेंद्र सिंह भाटी के नेतृत्व में यहां एक नवाचार किया गया है। गुजरात की एक कंपनी द्वारा बनाए गए बाघ, चिंकारा और लव-कुश के जीवंत थ्रीडी मॉडल वाटिका की शोभा को और अधिक बढ़ा रहे हैं। ये मॉडल जंगल के वातावरण में वास्तविक वन्यजीवों की उपस्थिति का अनुभव कराते हैं। करीब दो वर्ष पूर्व 2 करोड़ रुपये की लागत से आरंभ हुई इस परियोजना का कार्य अब अंतिम चरण में है। लव कुश वाटिका में न केवल सौंदर्य को महत्व दिया गया है, बल्कि पारिस्थितिकी संतुलन बनाए रखने के लिए भी कई प्रयास किए गए हैं। विभिन्न राज्यों के राज्य वृक्ष, पक्षियों व जानवरों के लिए उपयोगी पेड़-पौधे और वनस्पतियां रोपी गई हैं। सिंचाई की बेहतर व्यवस्था के लिए नलकूप और पाइपलाइन की मदद से पौधों को नियमित पानी दिया जा रहा है, जिससे वे तेजी से वृक्ष रूप में परिवर्तित हो रहे हैं। इस वर्ष भी बरगद, पीपल जैसे छायादार वृक्ष लगाए गए हैं, जो भविष्य में एक घना जंगल बनाने में मदद करेंगे। इसके अतिरिक्त, विभिन्न प्रकार की घास और झाड़ियां यहां के जीव-जंतुओं के लिए आवास बनती जा रही हैं। वन्यजीवों के लिए पीने के पानी और जल क्रीड़ा हेतु एक विशेष तालाब भी तैयार किया गया है। उम्मीद की जा रही है कि यह वाटिका शीघ्र ही पर्यटकों के लिए एक आकर्षक और रोमांचक स्थल बन जाएगी।
भीमलत में जंगल के राजा की छवि, लव कुश वाटिका में निखर रही है प्राकृतिक सौंदर्यता Read Post »
Uncategorized
