रायपुर एयरपोर्ट के बाहर खूनी झगड़ा: सवारी को लेकर विवाद में ऑटो चालक पर बोतल से हमला

राजधानी रायपुर के एयरपोर्ट के बाहर सवारी बैठाने को लेकर दो ऑटो चालकों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। गुस्से में एक चालक ने दूसरे के सिर पर कांच की बोतल मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना माना कैम्प थाना क्षेत्र की है। घायल ऑटो चालक की पहचान परमानंद धृतलहरे के रूप में हुई है, जबकि आरोपी जुबेर खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों एयरपोर्ट के बाहर ऑटो चलाते हैं। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात सवारी को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों के बीच मारपीट होने लगी। इसी दौरान आरोपी ने पास में पड़ी कांच की बोतल उठाकर परमानंद के सिर पर वार कर दिया। हमले के बाद परमानंद मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा। वहां मौजूद लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक उसके सिर में गंभीर चोट आई है, हालांकि फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आरोपी जुबेर खान को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। बाद में उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। एयरपोर्ट क्षेत्र में ऑटो चालकों के बीच सवारी को लेकर विवाद की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। पार्किंग स्टाफ के साथ झगड़े और अभद्रता की शिकायतें भी मिलती रही हैं। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।

रायपुर एयरपोर्ट के बाहर खूनी झगड़ा: सवारी को लेकर विवाद में ऑटो चालक पर बोतल से हमला Read Post »

Chhattisgarh, Crime, Raipur, State, Top News